फोटो सेशन के दौरान मॉडल से छेड़छाड़

सहारा न्यूज ब्यूरो

दक्षिणी दिल्ली, 12 मई। लाडो सराय स्थित एक स्टूडियो में फोटो सेशन के दौरान फोटोग्राफर ने महिला मॉडल के साथ छेड़छाड़ कर दी। मॉडल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित फोटोग्राफर को गिरफ्तार कर लिया हालांकि बाद में उसकी जमानत हो गई। फोटोग्राफर व मॉडल दोनों मालवीय नगर निवासी हैं।

मालवीय नगर ब्लॉक जी निवासी राखी (परिवर्तित नाम) रविवार को लाडो सराय स्थित एक स्टूडियो में फोटो सेशन के लिए गई थी। राखी का आरोप है कि स्टूडियो संचालक व फैशन फोटोग्राफर विवेक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना की सूचना मिलने पर मालवीय नगर पुलिस ने आरोपित फोटोग्राफर को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसकी जमानत हो गई। घटना के बाद से शिकायतकर्ता व आरोपित दोनों ही अपने घरों पर मौजूद नहीं हैं। स्टूडियो के कर्मियों के मुताबिक फोटो सेशन के दौरान किसी बात को लेकर फोटोग्राफर व मॉडल के बीच विवाद हो गया जिस पर मॉडल ने पुलिस में छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस मामले की सत्यता की जांच कर रही है।

राजधानी में फिर दो महिलाओं से बलात्कार

नई दिल्ली 10 मई (एसएनबी)। राजधानी में फिर दुष्कर्म की दो घटनाएं सामने आई हैं। निजामुद्दीन थाना अंतर्गत चिड़ियाघर स्टाफ क्वार्टर में रहने वाली किशोरी को शादी का झांसा देकर एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दूसरी आ॓र, कोटला मुबारकपुर थाना अंतर्गत महावंत नगर में रहने वाली नौकरानी से मकान में रहने वाले किराएदार ने रेप किया। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

पहले मामले में रजनी (16 बदला हुआ नाम) अपने परिवार के साथ चिड़ियाघर स्टाफ क्वार्टर में रहती है। यहीं पर रहने वाले ऋषिपाल से उसकी दोस्ती थी। ऋषिपाल ने उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ संबंध बनाए। लगभग पंद्रह दिन पूर्व भी ऋषिपाल ने रजनी के साथ जबरदस्ती संबंध बनाए। जब रजनी ने उससे शादी के लिए कहा तो वह बात टालने लगा। बार-बार टालमटोल करने पर रजनी ने मामले की शिकायत पुलिस को की। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। पुलिस ने ऋषिपाल को गिरफ्तार कर लिया है। वह टैक्सी चलाता था।

दूसरे मामले में कोटला मुबारकरपुर के महावंत नगर में दीपुराय अपने परिवार के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने एक नौकरानी को अपने यहां रखा हुआ था। शुक्रवार दोपहर दीपुराय का बच्चा खेलते हुए नीचे प्रथम तल पर उतर गया। उसे लेने के लिए जब नौकरानी गई तो यहां पर रहने वाले वसंत केसी (20) ने उसे अपने कमरे में बंद कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। देर रात जब दीपुराय दफ्तर से लौटे तो नौकरानी ने घटना की जानकारी उन्हें दी। देर रात मामले की शिकायत पुलिस को की गई।

ट्रैफिक एसआई ने युवती को छेड़ा!

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस का दामन एक बार फिर दागदार हो गया। कश्मीरी गेट इलाके में रहने वाली एक युवती ने आरोप लगाया है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसकी कार को रोका और चालान काटने के दौरान हुई बहस में एसआई ने उसकी छाती पर हाथ मार छेड़छाड़ की। यही नहीं एसआई ने अपनी पूरी टीम के साथ उसे व उसके बहन-भाई को धमकाया। इस दौरान काफी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। भारी संख्या में पहुंचे पुलिस बल ने भीड़ को शांत कराया लेकिन आरोपी पुलिसकर्मीं वहां से भाग निकले। फिलहाल पीड़ित युवती ने लिखित शिकायत विवेक विहार थाने में दर्ज करा दी है।

जानकारी के अनुसार कश्मीरी गेट ऋचा (24, बदला हुआ नाम) आज शाम अपने चचेरे भाई पंकज व बहन साक्षी के साथ दिलशाद गार्डन स्थित किसी मंदिर में गई थी। वहां से तीनों वैगन-आर कार में लौटते हुए आनंद विहार की आ॓र जा रहे थे।

शाम लगभग सवा पांच बजे जब इनकी कार रोड नम्बर-56, सूर्यानगर चौराहे के पास पहुंची तो वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस के कर्मियों ने इनकी कार रूकवा ली। कार रूकवाने के बाद ट्रैफिक पुलिस के एसआई अरूण चौहान ने कार की गति काफी तेज होने के कारण चालान होने की बात कही। कार में सवार ऋचा, पंकज व साक्षी नीचे उतर कर एसआई से बात करने लगे। चालान को लेकर पुलिस के साथ ऋचा की भिड़त हो गई। ऋचा का आरोप है कि इस बीच एसआई अरूण कुमार ने उसकी छाती पर हाथ मारा, जब उसने इसका विरोध किया तो एसआई व अन्य कर्मी भी वहां आ गये और इन लोगों को डराने लगे।

एसआई ने उसके भाई पंकज को थप्पड़ भी मारा। शोर सुनकर आसपास भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस कर्मी वहां से भाग निकले। घटनास्थल पर एकत्र हुए सैकड़ों लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारे बाजी की। स्थिति नाजुक देखते हुए वहां भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गयी।

मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने पंकज, साक्षी व ऋचा को समझाया बुझाया और शिकायत करने के लिए विवेक विहार थाने ले गये। ऋचा ने लिखित शिकायत में एसआई अरूण चौहान व उसके साथी पुलिस कर्मियों के खिलाफ अभद्र व्यवहार तथा छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। खबर लिखे जाने तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था। गौरतलब है कि पिछले माह स्वरूप नगर थाना इलाके में यातायात पुलिस के एक सिपाही ने 12 वर्षीय बच्ची के साथ कार में दुष्कर्म किया था।

चार साल की बच्ची को बनाया हवस का शिकार

पूर्वी दिल्ली (सहारा न्यूज ब्यूरो )। गांधी नगर थानांतर्गत अजीत नगर इलाके में आज सुबह एक युवक ने पड़ोस में ही रहने वाली चार वर्षीय बच्ची को हवस का शिकार बना डाला। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आज सुबह सूचना मिली कि अजीत नगर में एक बच्ची के साथ बलात्कार किया गया है।

सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने पाया कि लोगों ने बच्ची को हवस का शिकार बनाने वाले युवक को पकड़ कर उसे बुरी तरह से पीट रखा है।

पुलिस ने बच्ची को अस्पताल डॉक्टरी जांच के लिए भेज दिया। बच्ची के मां-बाप ने पुलिस को बताया कि पकड़ा गया युवक गुलाम रसूल उर्फ बबलू(21) भी उसी मकान में किराए के कमरे में रहता है। बब्लू प्रथम तल पर तथा बच्ची व उसके मां-बाप भूतल पर रहते हैं। वे लोग छोटा सा होटल चलाते हैं।

उन्होंने पुलिस को बताया कि बबलू किसी कपड़े की दुकान में काम करता है। आस-पड़ोस के बच्चे अकसर बबलू के घर पर टी.वी देखने के लिए जाते थे। आज सुबह उनकी बच्ची भी उसके कमरे में टी.वी देखने के लिए गयी थी। जब वह कुछ देर बाद लौटी तो अपने कपड़े बदलने के लिए कहने लगी।

बच्ची की मां ने कपड़े बदले तो उसके कपड़े गीले देख उससे इस बारे में पूछा, तो बच्ची ने बताया कि बब्लू ने उसके साथ गलत काम किया है। इसके बाद बच्ची के मां-बाप ने पुलिस को फोन कर दिया तथा बब्लू को दबोच लिया और आसपड़ोस के लोगों ने उसे पीटा भी। पुलिस ने बबलू को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी का झांसा दे युवती से दुष्कर्म

पश्चिमी दिल्ली, 8 मई। तिलकनगर निवासी एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर एक युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़िता ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़िता का दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में मेडिकल करवाया, जहां दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है।तिलकनगर थाना इलाके के रविनगर मुहल्ले में रहने वाली गुरमीत कौर (बदला हुआ नाम) ने आज देर शाम पुलिस से शिकायत की थी कि उसके जीजा का दोस्त हरजीत उर्फ सोनू 23 फरवरी को बहला फुसला कर पंजाब ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

दृष्टिहीन युवती से बलात्कार का प्रयास

नई दिल्ली, 5 मई (एसएनबी)। राजधानी में जहां आम युवती व महिलाएं सुरक्षित नहीं है तो नेत्रहीन भला कैसे महफूज रह सकती है। दिल्ली विश्वविघालय के नजदीक सोमवार दोपहर एक रिक्शा चालक ने एक दृष्टिहीन युवती के साथ बलात्कार करने की कोशिश की। उसने युवती के साथ मारपीट भी की। युवती की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे बचाया। बाद में रिक्शा चालक युवती का मोबाइल फोन व कागजात लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार दोपहर लगभग ढाई बजे सूचना मिली कि न्यू उस्मानपुर इलाके में एक दृष्टिहीन युवती के साथ बलात्कार हुआ है। सूचना पाते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि वह द्वारका फेज-टू में स्थित हॉस्टल में रहती है और स्नातक कर चुकी है। सुबह वह विश्वविघालय आने के लिए मेट्रो में सवार हुई। यहां पहुंचने पर उसने जुबली हॉल जाने के लिए एक रिक्शा लिया। उसने मोबाइल पर अपने परिचित तेजप्रताप की रिक्शा वाले से उसकी बात कराई ताकि रिक्शा चालक युवती को ठीक जगह पहुंचा दे लेकिन वह उसे सुनसान जगह पर ले गया और उसका मोबाइल फोन व कागज छीन लिए। चालक ने उसके मारपीट की और बलात्कार करने का भी प्रयास किया। युवती की चीख-पुकार सुन वहां कुछ लोग पहुंचे और उसे बचाया।

उन्होंने रिक्शा चालक की पिटाई भी की और युवती के मना करने के बावजूद उसे उसी रिक्शा में बैठाकर रिक्शा चालक से उसे ठीक जगह पर पहुंचाने को कहा। रिक्शा चालक युवती को कुछ दूरी पर उतार कर उसका मोबाइल फोन व कागजात लेकर भाग निकला। युवती ने दूसरा रिक्शा लिया, जो उसे वजीराबाद की आ॓र छोड़ आया। वहां पहुंचने पर युवती ने 100 नंबर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस वहां पहुंची और युवती को जीटीबी अस्पताल पहुंचाया। वहां के चिकित्सा अधिक्षक पी.सी दीक्षित ने बताया कि युवती के साथ मारपीट की गई है, जिससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई है। ़मेडिकल रिपोर्ट में युवती के साथ बलात्कार की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद उत्तर-पूर्वी जिला व उत्तरी जिला पुलिस के बीच देर रात तक मामला दर्ज करने को लेकर उलझन बनी रही। बाद में उत्तरी जिला के तिमारपुर थाने में दृष्टिहीन युवती के साथ लूटपाट व बलात्कार के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस आरोपित रिक्शा चालक की तलाश कर रही है।

दुष्कर्मी बाप को दस साल की कैद

सहारा न्यूज ब्यूरो

नई दिल्ली, 5 मई। कई महीनों तक अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने के आरोप में अदालत ने बलवीर चंद को दोषी करार देते हुए दस साल कड़ी कैद की सजा सुनाई है। बलवीर चंद ने पत्नी की मौत के बाद बेटे को जान से मारने की धमकी देकर अपनी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म किया।

अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय शर्मा ने बेटी से दुष्कर्म के आरोप में दोषी करार देते हुए बलवीर चंद को दस साल कड़ी कैद की सजा के अलावा दस हजार रूपए जुर्माना भी किया है। कोर्ट ने सजा सुनाते हुए कहा कि अभियुक्त बलवीर चंद सभ्रांत परिवार से सम्बंध रखता है और सरकारी महकमे में उच्च अधिकारी है। उसने पढ़े-लिखे तबके से जुड़े होने के बाद भी पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को कलंकित किया है। कोर्ट ने कहा कि ऐसे घृनित अपराध को अंजाम देने वाले पिता को कड़ी सजा मिलना चाहिए।

पेश मामले के अनुसार अभियुक्त बलवीर चंद की केंद्रीय स्कूल में नौवीं कक्ष में पढ़ने वाली बेटी ने पूर्वी दिल्ली पुलिस उपायुक्त को शिकायत पर अपने पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। उसने एक सत्संगी बाबा के माध्यम से शिकायत दर्ज करवा कर कहा था कि वर्ष 1999 में उसकी मां की मौत के बाद से उसके पिता ने उस पर बुरी नजर रखना शुरू कर दी थी।

13 फरवरी 2005 को उसके पिता बलवीर ने पहली बार उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी देकर उससे कई बार दुष्कर्म किया। इस बाबत उसने 11 अप्रैल 2005 को पुलिस में शिकायत की थी।

अब तक 121 मामले, संसदीय समिति ने पुलिस आयुक्त डडवाल से मांगी रिपोर्ट

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (एजेंसी)। साल के पहले चार महीनों में बलात्कार और यौन उत्पीड़न के 330 मामले प्रकाश में आने के साथ ही दिल्ली के लिए देश की बलात्कार राजधानीकी अपनी छवि से मुक्ति पाना मुश्किल प्रतीत हो रहा है।

इस साल राजधानी में में अब तक बलात्कार के 121 मामले दर्ज किए गए हैं जबकि यौन उत्पीड़न के 210 मामले प्रकाश में आए हैं। इस माह के 14 बलात्कार पीड़ितों में आठ के नाबालिग होने का पता चलने के बाद महिला तथा बाल विकास संबंधी संसदीय समिति ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त वाईएस डडवाल से महिलाओं के विरूद्ध हाल में ही हुई घटनाओं पर रिपोर्ट पेश करने को कहा है। समिति ने यह भी जानना चाहा कि इसे रोकने के लिए क्या उपाय किए गए हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बलात्कार के 90 फीसद से अधिक मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। अधिकतर मामलों में देखा गया कि पीड़ितों को उनके परिचित रहे लोगों ने ही हवस का शिकार बनाया है। 2007 में दर्ज बलात्कार के 581 मामलों में से 98.28 फीसद में पीड़ितों को उनके परिचितों ने ही शिकार बनाया। 2005 में बलात्कार के 658 मामले दर्ज हुए जिनमें से 49 फीसद मामलों में परिचितों ने ही अपराध को अंजाम दिया।

2005 तथा 2006 में यौन उत्पीड़न के क्रमश: 762 तथा 713 मामले दर्ज हुए जबकि 2007 में यह संख्या 835 थी। दिल्ली पुलिस की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार खराब नागरिक सुविधाएं, जीवन यापन की अमानवीय दशाएं, अपर्याप्त आवासीय सुविधाएं तथा झुग्गी-झोपड़ियों का लगातार बढ़ना ऐसे सामाजिक कारक हैं जिससे बलात्कार की प्रवृत्तियां बढ़ी हैं। 2007 की बलात्कार की घटनाओं के विश्लेषण में दिल्ली पुलिस ने पाया है कि बलात्कार के 68 फीसद आरोपी अनपढ़ थे, 24 फीसद 10वीं पास तथा 80 फीसद गरीबी में जीवन यापन करने वाले थे। इसके अलावा पिछले साल बलात्कार की 64 फीसद घटनाएं घरों तथा पांच फीसद मलिन बस्तियों में घटीं।

हवलदार ने किया दुष्कर्म का प्रयास

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (एसएनबी)। तुगलक रोड थानांतर्गत दिल्ली पुलिस के एक हवलदार ने 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। सिक्योरिटी विभाग में तैनात हवलदार को यूनिट के ही एक अधिकारी ने पकड़ा। किशोरी के माता-पिता ने तुगलक रोड थाने में किशोरी के अपहरण और बलात्कार के प्रयास का मामला दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार नीलू (बदला हुआ नाम) ई ब्लॉक, कृष्णा मेनन मार्ग पर एक निर्माणाधीन साइट में अपने माता-पिता के साथ काम करती है। दिल्ली पुलिस के सिक्योरिटी यूनिट का कार्यालय वहां से नजदीक है। सुरक्षा में तैनात हवलदार सत्यवान किशोरी को साइट से जबरन अपने साथ ले आया और यूनिट में ही उसके साथ बलात्कार का प्रयास करने लगा। इसी बीच सिक्योरिटी यूनिट में तैनात एक अधिकारी ने किशोरी की चीख सुन ली और सत्यवान को दबोच लिया। इसके बाद किशोरी के माता-पिता को इसकी सूचना दी, जिसके बाद तुगलक रोड थाना पुलिस ने उनकी शिकायत पर सत्यवान के खिलाफ आईपीसी की धारा 363/354 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जब इस मामले में नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त आनंद मोहन से उनके मोबाइल पर सम्पर्क किया गया तो उन्होंने फोन रीसिव नहीं किया।

दागदार हुई वर्दी

15 जनवरी 2008- अम्बेडकर नगर इलाके में रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने उसी थाने के सब-इंस्पेक्टर पर बलात्कार का आरोप लगाया।

31 दिसम्बर2004- मल्कागंज इलाके में रहने वाली महिला ने सिपाही कपिल मोहन शर्मा पर शादी का झांसा देकर 15 दिनों तक बलात्कार करने का आरोप लगाया।

12 अगस्त 2005- 25 वर्षीय महिला ने भजनपुरा इलाके में सब-इंस्पेक्टर जयभगवान पर बलात्कार का आरोप लगाया।

इस माह हुई दुष्कर्म की घटनाएं

19 अप्रैल : न्यू अशोकनगर में जीजा ने साली से किया दुष्कर्म।

24 अप्रैल : स्वरूपनगर इलाके से दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने 12 वर्षीय बच्ची को अगवा कर चलती कार में किया बलात्कार।

25 अप्रैल : स्वरूपनगर थाना इलाके की खट्टा कालोनी में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार।

26 अप्रैल : पुलिस चौकी के ठीक सामने सात वर्षीय बच्ची से दिनदहाड़े दुष्कर्म।

26 अप्रैल : समयपुर बादली इलाके में देवर ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर भाभी के साथ किया गैंग रेप।

27 अप्रैल : संगम विहार इलाके में जीजा ने दसवीं में पढ़ने वाली अपनी साली को बनाया हवस का शिकार।

संकलन एवं डिजाईन : सुरेन्द्र कुमार देशवाल